जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान, नवनिर्मित भवन में रसोइया का प्रशिक्षण हुआ संपन्न ।

राकेश भारती प्रधान संपादक CG आज की आवाज न्यूज कुसमी/बलरामपुर ।

कुसमी विकासखंड स्तरीय जिला शिक्षा प्रशिक्षण संस्थान में प्रधानमंत्री पोषण शक्ति निर्माण योजना के तहत आज दिनांक 16 अप्रैल 2026 को एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान के नवनिर्मित भवन, में सफलता पूर्वक कुसमी में किया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य योजना के प्रभावी क्रियान्वयन को सुनिश्चित करना, विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण मध्यान्ह भोजन व्यवस्था को सुदृढ़ करना, पोषण स्तर में सुधार लाना तथा संबंधित कर्मियों की क्षमता की वृद्धि करना विशेष रहा।

कार्यक्रम का शुभारंभ उपस्थित अधिकारियों एवं प्रतिभागियों के स्वागत के साथ किया गया।

प्रशिक्षण कार्यक्रम का संचालन मास्टर ट्रेनर शशांक भूषण दुबे एवं नेहा गुप्ता द्वारा किया गया।

प्रशिक्षकों ने प्रतिभागियों को प्रधानमंत्री पोषण शक्ति निर्माण योजना के विभिन्न आयामों पर विस्तारपूर्वक जानकारी प्रदान की गई । प्रशिक्षण के दौरान मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता, निर्धारित पोषण मानक, खाद्यान्न भंडारण, भोजन पकाने की स्वच्छ विधि, खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन तथा बच्चों के स्वास्थ्य एवं पोषण स्तर में सुधार के उपायों पर विस्तार से चर्चा की गई।

प्रशिक्षकों द्वारा प्रतिभागियों को भोजन तैयार करने के दौरान अपनाई जाने वाली स्वच्छता संबंधी सावधानियों, हाथ धोने की सही विधि, सुरक्षित पेयजल की उपलब्धता, रसोईघर की साफ-सफाई, खाद्य सामग्री के सुरक्षित भंडारण एवं भोजन वितरण की उचित प्रक्रिया के बारे में व्यावहारिक जानकारी प्रदान की गई। साथ ही मध्यान्ह भोजन योजना से संबंधित अभिलेख संधारण, निरीक्षण व्यवस्था तथा शासन के दिशा-निर्देशों के पालन पर भी विशेष जोर दिया गया।

आज के इस कार्यक्रम में संबंधित विभाग के अधिकारियों, शिक्षकों, रसोइयों, सहायक कर्मियों एवं अन्य हितधारकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

प्रतिभागियों ने प्रशिक्षण के दौरान अपनी जिज्ञासाएं भी रखीं, जिनका समाधान मास्टर ट्रेनर्स द्वारा विस्तार से किया गया।

प्रशिक्षण के दौरान समूह चर्चा, प्रश्नोत्तर सत्र तथा अनुभव साझा करने की गतिविधियों के माध्यम से कार्यक्रम को सहभागितापूर्ण एवं प्रभावी बनाया गया।

इस अवसर पर उपस्थित सहायक विकास खण्ड शिक्षा अधिकारी नन्द कुमार गुप्ता द्वारा अपने संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री पोषण शक्ति निर्माण योजना बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य एवं पोषण स्तर को सुनिश्चित करने की दिशा में शासन की एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि इस योजना के प्रभावी संचालन के लिए रसोइयों एवं संबंधित कर्मियों का प्रशिक्षित होना अत्यंत आवश्यक है। इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम से कार्य में दक्षता बढ़ेगी तथा विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण मध्यान्ह भोजन उपलब्ध कराया जा सकेगा।

कार्यक्रम में विकास खण्ड स्रोत समन्वयक कुसमी, मध्याह्न भोजन प्रभारी मो. शकील अहमद, सकुल समन्वयक उमेश गुप्ता, निलेश दुबे एवं शमसेर अली सहित विकासखंड के विभिन्न विद्यालयों से आए रसोइयों एवं संबंधित कर्मियों की उपस्थिति सराहनीय रही।

इस प्रशिक्षण को सभी प्रतिभागियों द्वारा उपयोगी एवं ज्ञानवर्धक बताया गया ।

कार्यक्रम के अंत में प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ किया गया। आयोजकों ने आशा व्यक्त की कि प्रशिक्षण में प्राप्त जानकारी का उपयोग करते हुए सभी संबंधित कर्मचारी योजना के सफल क्रियान्वयन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

Post a Comment

0 Comments